छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुणदेव गौतम को राज्य का स्थायी पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। इस संबंध में राज्य सरकार द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। अब तक वे कार्यवाहक डीजीपी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे। 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी अरुणदेव गौतम का प्रशासनिक और पुलिस सेवा में लंबा अनुभव रहा है। वे प्रदेश के छह जिलों में पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके नेतृत्व, अनुशासन और प्रभावी कार्यशैली को देखते हुए राज्य सरकार ने उन्हें स्थायी डीजीपी की जिम्मेदारी सौंपी है।
सूत्रों के अनुसार, डीजीपी पद के लिए कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को भेजे गए थे, जिसके बाद अरुणदेव गौतम के नाम पर अंतिम मुहर लगी।
अरुणदेव गौतम को पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। वर्ष 2010 में उन्हें सराहनीय सेवाओं के लिए भारतीय पुलिस पदक प्रदान किया गया था, जबकि वर्ष 2018 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। इसके अलावा वर्ष 2002 में संघर्षग्रस्त कोसोवा में सेवाएं देने पर उन्हें संयुक्त राष्ट्र पदक (United Nations Medal) भी प्राप्त हुआ था।
उनकी नियुक्ति को प्रदेश की कानून व्यवस्था, पुलिस आधुनिकीकरण और प्रशासनिक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
देखे आदेश की कॉपी

देखे आदेश की कॉपी


Comments