रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित होने वाले जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर की तिथियों में अचानक बदलाव कर दिया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश पर अब यह महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर 20 जून से शुरू होकर 29 जून तक चलेगा, जबकि पहले इसका आयोजन 21 से 30 जून तक प्रस्तावित था।
सूत्रों के मुताबिक लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम में बदलाव के चलते प्रशिक्षण शिविर की तिथियों में संशोधन किया गया है। पहले राहुल गांधी के 30 जून को समापन सत्र में शामिल होने की संभावना थी, लेकिन उसी दिन अन्य संगठनात्मक कार्यक्रम तय होने के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने शिविर का कार्यक्रम पुनर्निर्धारित कर दिया।
संगठनात्मक मजबूती पर रहेगा फोकस
प्रशिक्षण शिविर में प्रदेशभर के जिला कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान, आगामी चुनावी रणनीति और कांग्रेस की नीतियों को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। पार्टी नेतृत्व इसे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहा है।
जिला अध्यक्षों को दी जा रही नई सूचना
कार्यक्रम में बदलाव के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने सभी जिला अध्यक्षों से संपर्क कर नई तिथियों की जानकारी देना शुरू कर दिया है। एआईसीसी से मंजूरी मिलने के बाद नए दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
रायपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस की होगी अहम जिम्मेदारी
यद्यपि प्रशिक्षण शिविर का संचालन प्रदेश कांग्रेस कमेटी करेगी, लेकिन आयोजन स्थल रायपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के क्षेत्राधिकार में होने के कारण व्यवस्थाओं और स्थानीय समन्वय की जिम्मेदारी भी जिला ग्रामीण संगठन पर रहेगी।
एआईसीसी से मिली मंजूरी
प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर को एक दिन पहले शुरू करने का प्रस्ताव एआईसीसी को भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। अब 20 जून से प्रशिक्षण शिविर शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह प्रशिक्षण शिविर आगामी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक पुनर्गठन की दृष्टि से कांग्रेस के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है। वहीं राहुल गांधी की संभावित मौजूदगी को लेकर कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है।
Chhattisgarh Congress News: जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर की नई तारीख जारी, जानिए वजह
source : social media

Comments