छत्तीसगढ़ में कहर बनकर गिरी आकाशीय बिजली, दो मासूम समेत 3 की दर्दनाक मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सक्रिय मानसून के बीच मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सोमवार शाम सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूम बच्चों और एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक 12 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई।
जानकारी के अनुसार, सागर (5), रानी (9) और उनकी बड़ी बहन श्रद्धा (12) आम बीनने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान पास में मवेशी चरा रहे राम साय (36) भी वहां पहुंच गए। अचानक तेज गर्जना के साथ पेड़ पर बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में चारों आ गए।
हादसे में सागर, रानी और राम साय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्रद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, बिलासपुर में शाम के समय तेज आंधी और मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कलेक्टर बंगले के पास एक बड़ा पेड़ कार पर गिर गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार सवार सुरक्षित बच गए। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए और लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आगामी दिनों तक तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने और खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की गई है।

Comments