छत्तीसगढ़ में जल्द बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! कई कलेक्टर-SP बदल सकते हैं, वन विभाग में भी होगा बड़ा बदलाव, तैयार हो रही तबादला सूची

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा के मानसून सत्र से पहले बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार जल्द ही भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी कर सकती है। इस संभावित फेरबदल में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, कई जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत के सीईओ, पुलिस अधीक्षक (SP), पुलिस महानिरीक्षक (IG) और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित हो सकते हैं।
 
सूत्रों के मुताबिक, जिन जिलों में प्रशासनिक कार्यों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है, वहां कलेक्टरों को बदला जा सकता है। उनकी जगह बेहतर कार्यशैली और ईमानदार छवि वाले अधिकारियों को जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है। इसके साथ ही मंत्रालय और विभागाध्यक्ष कार्यालयों में पदस्थ वरिष्ठ IAS अधिकारियों के प्रभार में भी बदलाव की चर्चा है।
 
पुलिस महकमे में भी बड़े बदलाव की तैयारी
 
पुलिस विभाग में भी बड़े स्तर पर तबादलों की संभावना जताई जा रही है। पुलिस मुख्यालय में पदस्थ वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा कई रेंज के IG और अनेक जिलों के SP बदले जा सकते हैं।
 
बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी. के राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त होने के बाद उन्हें जल्द रिलीव किए जाने की संभावना है। उनकी जगह 2004 बैच के IPS अधिकारियों अजय यादव और बद्री नारायण मीणा के नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं।
 
लंबे समय से एक ही जिले में पदस्थ SP भी बदल सकते हैं
 
सूत्रों का कहना है कि कई जिलों में पुलिस अधीक्षक पिछले दो से ढाई वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ हैं। वहीं, कुछ अधिकारियों को DIG पद पर पदोन्नति मिलने के बाद नई जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को बड़े और संवेदनशील जिलों की कमान सौंपी जा सकती है।
 
वन विभाग में भी होगा व्यापक बदलाव
 
वन बल प्रमुख एवं प्रधान मुख्य वन संरक्षक के पद पर अरुण कुमार पांडेय की नियुक्ति के बाद अब वन विभाग में भी व्यापक बदलाव की संभावना है। मुख्यालय में पदस्थ वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा मुख्य वन संरक्षक (CCF), वन संरक्षक (CF) और वन मंडलाधिकारी (DFO) स्तर पर भी तबादले हो सकते हैं। हालांकि, इन संभावित तबादलों को लेकर सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है।

Comments