सीबीआई के अनुसार, पंकज अग्रवाल के कार्यकाल के दौरान, जब वे हरियाणा के स्कूल शिक्षा विभाग और कृषि विभाग में प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत थे, तब हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद और राज्य कृषि विपणन बोर्ड के बैंक खातों से करोड़ों रुपये के अनियमित लेनदेन किए गए।
जांच एजेंसी का दावा है कि सरकार के निर्धारित दिशा-निर्देशों के विपरीत आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की चंडीगढ़ सेक्टर-32 शाखा में खाते खोले गए और उनके माध्यम से सरकारी धन का कथित दुरुपयोग किया गया। आरोप है कि फर्जी और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के जरिए सरकारी राशि को गलत तरीके से स्थानांतरित किया गया।
सीबीआई ने बताया कि यह मामला आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में हरियाणा सरकार और चंडीगढ़ प्रशासन के खातों से जुड़े लगभग 657 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताओं की व्यापक जांच का हिस्सा है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पहले से ही आईएएस अधिकारी आर.के. सिंह न्यायिक हिरासत में हैं।
जांच एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क, धन के प्रवाह और कथित रूप से शामिल अन्य अधिकारियों एवं व्यक्तियों की भूमिका की गहन पड़ताल कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Comments