जानकारी के अनुसार, डोंगरगढ़ क्षेत्र के ग्राम बनबोर्ड में 18 एकड़ कृषि भूमि के स्वामित्व को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। एक पक्ष का दावा है कि न्यायालय ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया है, लेकिन अब तक उन्हें जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं मिल सका। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिवार ने सामाजिक बहिष्कार और लगातार धमकियां मिलने का भी आरोप लगाया है।
पीड़ित पक्ष के मुताबिक, न्यायालय के आदेश और आवश्यक दस्तावेज लेकर जब वे अपनी जमीन पर पहुंचे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने टंगिया, लाठी और डंडों से हमला किया, जिसमें पुरुषों के साथ महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। घटना में दोनों पक्षों के 12 लोग घायल हुए हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और न्यायालय के आदेश के अनुरूप जमीन का कब्जा दिलाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जमीन के स्वामित्व और न्यायालय के आदेश से जुड़े दावों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।

Comments