रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि प्रस्तावित आईपीओ में 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 27 करोड़ इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू शामिल होगा। इश्यू का अंतिम मूल्य सेबी के आईसीडीआर नियमों के तहत बुक-बिल्डिंग प्रक्रिया के माध्यम से तय किया जाएगा।
आईपीओ की घोषणा को भावुक क्षण बताते हुए अंबानी ने कहा कि रिलायंस और उसके शेयरधारकों के बीच का रिश्ता विश्वास, सम्मान और साझी प्रगति पर आधारित है। उन्होंने कहा कि यह वही मूल्य हैं जिन्हें संस्थापक धीरूभाई अंबानी ने स्थापित किया था और जिन्हें आगे बढ़ाना उनके लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
मुकेश अंबानी ने बताया कि जियो के आईपीओ की प्रक्रिया में आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जियो की प्रस्तावित लिस्टिंग दुनिया के सामने भारत की तकनीकी क्षमता और वैश्विक स्तर की कंपनियां बनाने की ताकत को प्रदर्शित करेगी।
अंबानी के अनुसार, जियो का भविष्य बेहद उज्ज्वल है और यह रिलायंस समूह के लिए वैल्यू क्रिएशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। साथ ही यह नए निवेशकों को भी देश की अग्रणी डिजिटल कंपनी में निवेश का अवसर प्रदान करेगा।

Comments