अब घर बैठे करें पीएचडी! 36 विषयों में ऑनलाइन आवेदन शुरू, 1 जुलाई तक मौका

रायपुर। उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 1 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं
 
विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न विषयों में पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश दिया जा रहा है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है, जिससे देशभर के छात्र घर बैठे आवेदन कर सकेंगे।
 
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, आवेदन पोर्टल पर पंजीकरण करने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
 
 36 विषयों में मिलेगा पीएचडी का अवसर
 
इस बार पीएचडी प्रवेश के लिए मनोविज्ञान, मानव विज्ञान, राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन, जैव रसायन विज्ञान, रसायन विज्ञान, भूगोल, भूविज्ञान, जीव विज्ञान, भौतिकी, सांख्यिकी, गणित, संस्कृत, हिंदी, अंग्रेजी, कंप्यूटर विज्ञान, शिक्षा, दूरस्थ शिक्षा, पर्यावरण विज्ञान, ललित कला, रंगमंच, संगीत, नृत्य, समाज कार्य, प्रबंधन, वाणिज्य, पोषण विज्ञान, बाल विकास, गृह विज्ञान, व्यावसायिक शिक्षा, विकास अध्ययन, जेंडर एवं डेवलपमेंट अध्ययन, अनुवाद अध्ययन, फ्रेंच, अरबी तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार सहित कुल 36 विषय शामिल किए गए हैं।
 
ऐसे करें आवेदन
 
अभ्यर्थियों को सबसे पहले विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट या प्रवेश पोर्टल पर जाकर नया अकाउंट बनाना होगा। इसके बाद आवश्यक जानकारी भरकर संबंधित पीएचडी कार्यक्रम का चयन करना होगा। आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। साथ ही ऑनलाइन अध्ययन और शोध गतिविधियों के लिए आवश्यक डिजिटल आईडी भी बनानी होगी। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शोध करने की इच्छा रखने वाले छात्रों के लिए यह सुनहरा अवसर माना जा रहा है।

Comments