CG भाजपा में बड़ा बदलाव तय! नितिन नबीन के बाद कौन संभालेगा प्रदेश प्रभारी की कमान?

पी. कुमार । रायपुर/-
 
छत्तीसगढ़ भाजपा में जल्द बड़ा संगठनात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है। नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अब उनकी जगह नए प्रदेश प्रभारी को लेकर भाजपा के भीतर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच नए नामों को लेकर चर्चाएं तेज हैं, हालांकि अंतिम फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व ही करेगा।
 
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा नेतृत्व इस बार ऐसे चेहरे को जिम्मेदारी दे सकता है, जिसका संगठन पर मजबूत पकड़ हो और जो आगामी चुनावी रणनीति को प्रभावी तरीके से संभाल सके। सूत्रों की मानें तो बिहार से किसी वरिष्ठ नेता को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी मिलने की संभावना भी जताई जा रही है।
 
गौरतलब है कि नितिन नबीन ने छत्तीसगढ़ में सहप्रभारी से लेकर पूर्णकालिक प्रदेश प्रभारी तक लंबा सफर तय किया। उनके कार्यकाल में भाजपा ने विधानसभा चुनाव-2023 और लोकसभा चुनाव-2024 में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी सक्रियता और समन्वय क्षमता की काफी चर्चा रही।
 
भाजपा सूत्रों के अनुसार, नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के गठन के साथ कई राज्यों में प्रभारी बदले जा सकते हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है। फिलहाल प्रदेश भाजपा नेताओं की नजरें दिल्ली में होने वाले फैसले पर टिकी हुई हैं।
 
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दो वर्षों में संगठन को चुनावी मोड में लाने के लिए पार्टी जल्द नए प्रभारी की नियुक्ति कर सकती है। ऐसे में छत्तीसगढ़ भाजपा की राजनीति में आने वाले दिनों में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।

Comments