क्या वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा डेब्यू? सीरीज बचाने उतरेगा भारत

भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा और अंतिम मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। पहला मैच हारने के बाद भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा बन गया है। टीम इंडिया की कोशिश सीरीज 1-1 से बराबर कर अपनी लगातार द्विपक्षीय टी20 सीरीज में अजेय रहने का रिकॉर्ड बरकरार रखने की होगी।
इस मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी। पहले मैच में उन्हें मौका नहीं मिला था, लेकिन अब प्लेइंग-11 में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। वहीं ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को आराम देकर किसी नए खिलाड़ी को मौका दिया जा सकता है।
मुख्य कोच गौतम गंभीर भी पहले मैच की हार के बाद कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। इसी वजह से दोनों मैचों के बीच केवल एक दिन का अंतर होने के बावजूद खिलाड़ियों के लिए वैकल्पिक नेट सत्र आयोजित किया गया। गंभीर की कोशिश टीम की कमियों को दूर कर दमदार वापसी करने की है।
दूसरी ओर, आयरलैंड पहली बार भारत के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने के बेहद करीब है। घरेलू परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाकर उसने पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया था। अब उसकी नजरें इतिहास रचने पर हैं, जबकि भारत विश्व चैंपियन की पहचान के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए सीरीज बराबर करने के इरादे से मैदान में उतरेगा।

Comments