जानकारी के अनुसार, फरसगांव तहसील के ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने ACB से शिकायत की थी कि नामांतरण प्रकरण में उसके पिता और बुआ का नाम दर्ज कराने के बदले तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी 70 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया और ट्रैप की योजना बनाई।
जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को दो किश्तों में 15 हजार और 20 हजार रुपये, कुल 35 हजार रुपये दे चुका था। शुक्रवार को जब आरोपी तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये ले रहा था, तभी पहले से घात लगाए ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान ACB ने रिश्वत की राशि जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। मौके पर आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ACB के डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

Comments