B.Ed-D.El.Ed प्रवेश परीक्षा 2026: PSSOU में आवेदन की अंतिम तिथि 19 जून, 22 जून तक कर सकेंगे सुधार

source : social media
एजुकेशन डेस्क /
 
पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़, बिलासपुर द्वारा सत्र 2026-27 हेतु संचालित द्विवर्षीय बी.एड. एवं डी.एल.एड. पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 19 जून 2026 (रात्रि 12 बजे तक) निर्धारित है। ऐसे में अभ्यर्थियों के पास आवेदन करने के लिए अब केवल अंतिम दो दिन शेष हैं।
 
विश्वविद्यालय प्रशासन ने पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। प्रवेश निर्धारित नियमों के अनुसार आयोजित प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दिया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया 25 मार्च 2026 से जारी है और अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अंतिम तिथि में पूर्व में विस्तार किया गया था।
 
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को 20 जून से 22 जून 2026 तक संशोधन का अवसर प्रदान किया जाएगा। निर्धारित अवधि में ₹100 शुल्क जमा कर आवेदन पत्र में आवश्यक सुधार किया जा सकेगा।
 
अभ्यर्थियों को आवेदन भरते समय सभी दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक पालन करने तथा सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करने की सलाह दी गई है। यह आवेदन पत्र प्रवेश परीक्षा के साथ-साथ काउंसलिंग पंजीयन हेतु भी मान्य होगा, इसलिए अलग से काउंसलिंग फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं होगी।
 
विश्वविद्यालय ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता, नियम एवं अन्य आवश्यक जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद काउंसलिंग प्रक्रिया संबंधी विस्तृत कार्यक्रम पृथक से जारी किया जाएगा।

Comments