नवा रायपुर में फैशन, डिजाइन, टेक्नोलॉजी, पैरामेडिकल, नर्सिंग और स्किल डेवलपमेंट से जुड़े संस्थानों की स्थापना की जाएगी। इनमें राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट), पैरामेडिकल और अत्याधुनिक एम्स स्किल सेंटर जैसे बड़े संस्थान शामिल हैं। इससे प्रदेश के युवाओं को उच्च शिक्षा के साथ रोजगार आधारित प्रशिक्षण भी मिलेगा।
सरकार का लक्ष्य नवा रायपुर को ऐसा आधुनिक शिक्षा केंद्र बनाना है, जहां छात्रों को पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। नए संस्थानों में डिजिटल स्किल, रिसर्च, तकनीकी शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण पर विशेष फोकस रहेगा।
बताया जा रहा है कि अलग-अलग संस्थानों के लिए सैकड़ों एकड़ भूमि आरक्षित की गई है। कई परियोजनाओं की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आने वाले समय में यहां हजारों युवाओं को शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
नवा रायपुर में मेडिकल, नर्सिंग, होटल मैनेजमेंट और टेक्निकल शिक्षा से जुड़े नए कोर्स शुरू होने की भी तैयारी है। इससे राजधानी क्षेत्र में निवेश, रोजगार और शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल न केवल छत्तीसगढ़ के शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करेगी, बल्कि नवा रायपुर को देश के प्रमुख स्मार्ट एजुकेशन सिटी के रूप में नई पहचान भी दिलाएगी।

Comments