शिक्षकों की विषयवार ऑफलाइन ट्रेनिंग बंद, अब ऑनलाइन मोड में होगा प्रशिक्षण

रायपुर, 24 मई 2026। छत्तीसगढ़ में अब शिक्षकों की ट्रेनिंग ऑफलाइन मोड में नहीं होगी। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने वित्त विभाग के निर्देशों के बाद प्रशिक्षण कार्यक्रमों को ऑनलाइन मोड में संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही 25 से 29 मई 2026 तक प्रस्तावित ऑफलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, एससीईआरटी ने 8 मई को फिजिक्स और केमेस्ट्री विषय के शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए आदेश जारी किया था। लेकिन 15 मई को वित्त विभाग द्वारा जारी खर्चों में कटौती संबंधी निर्देशों के बाद यह आदेश वापस ले लिया गया। अब भविष्य में शिक्षकों की ट्रेनिंग ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी।
प्रदेश में पिछले कई महीनों से शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम बंद थे, लेकिन मई महीने में इन्हें दोबारा बड़े स्तर पर शुरू किया गया था। अलग-अलग जिलों में ऑफलाइन मोड में प्रशिक्षण आयोजित किए गए, जिनमें नई शिक्षा नीति, नई पाठ्यपुस्तकों और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों पर जोर दिया गया।
6 से 10 मई 2026 के बीच जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान पेंड्रा में कक्षा 7वीं की नई पाठ्यपुस्तकों पर आधारित प्रशिक्षण आयोजित हुआ। इसमें हिंदी, विज्ञान और संस्कृत विषय के ब्लॉक रिसोर्स पर्सन को डाइट स्तर पर ऑफलाइन ट्रेनिंग दी गई।
वहीं 19 से 23 मई 2026 तक पेंड्रा डाइट के अंतर्गत सेकेंडरी स्तर के कला और भाषा समूह के व्याख्याताओं का प्रशिक्षण हुआ, जिसमें करीब 122 शिक्षकों ने भाग लिया।
इसके अलावा 23 मई को डाइट जांजगीर में गणित विषय पर आधारित ब्लॉक रिसोर्स ग्रुप (BRG) का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को 21वीं सदी की आवश्यकताओं और चुनौतियों के अनुरूप तैयार करना बताया गया।
अब राज्य सरकार के नए निर्णय के बाद शिक्षकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे शासन को खर्चों में कमी लाने के साथ-साथ अधिक शिक्षकों तक एक साथ प्रशिक्षण पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Comments