5 हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए परीक्षा अक्टूबर-नवंबर में : व्यापमं ने सहायक शिक्षक, शिक्षक एवं व्याख्याता भर्ती परीक्षा की जारी की तिथि.. जानें पूरा अपडेट..

रायपुर।
छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के 5 हजार रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा जारी भर्ती कैलेंडर के अनुसार शिक्षक भर्ती परीक्षा अक्टूबर-नवंबर में आयोजित की जाएगी।


जारी कार्यक्रम के मुताबिक प्राइमरी, मिडिल, हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में सहायक शिक्षक, शिक्षक और व्याख्याता के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। लंबे समय से रिक्त पदों को भरने की मांग की जा रही थी, जिसे देखते हुए राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 5 हजार शिक्षकों की भर्ती शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास से की गई तैयारी निश्चित रूप से सफलता दिलाती है। शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर जल्द ही विस्तृत विज्ञापन, पात्रता शर्तें और आवेदन प्रक्रिया संबंधी जानकारी व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से अपडेट देखने की सलाह दी गई है।

Comments