विधानसभा में गूंजा संस्कृति परिषद का मुद्दा: विधायक चंद्राकर के सवाल पर पर्यटन मंत्री अग्रवाल का जवाब, 10 माह में 11 बड़े आयोजन..

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने शुक्रवार को विधानसभा में छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद के अंतर्गत संचालित अकादमियों को लेकर विस्तार से सवाल उठाया। इस पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने लिखित जवाब प्रस्तुत किया। मंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद के गठन का राजपत्र में प्रकाशन 3 नवंबर 2020 को किया गया था।

परिषद के 15 प्रमुख उद्देश्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि परिषद के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण संस्थाएं कार्यरत हैं, जिनमें — छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी पदुमलाल पुन्नुलाल बख्शी पीठ श्रीकांत वर्मा पीठ गुरुघासीदास शोध पीठ कला अकादमी आदिवासी एवं लोक कला अकादमी छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग छत्तीसगढ़ सिंधी अकादमी शामिल हैं।

10 माह में 11 कार्यक्रम

पर्यटन मंत्री ने वर्ष 2025-26 के दस महीनों में आयोजित 11 प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी दी। इनमें पदुमलाल बख्शी जयंती, अखिल भारतीय जनजातीय लेख सम्मेलन, आपातकाल का कालादिवस, स्व. खूबचंद बघेल स्मृति आयोजन, भारत विभाजन विभीषिका दिवस, राम माधव की पुस्तक पर विमर्श, सेवा पखवाड़ा विचार गोष्ठी, दत्तोपंत ठेंगड़ी साहित्य विमर्श, ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर संगोष्ठी, अटल स्मृति कवि सम्मेलन जैसे आयोजन रायपुर में हुए। इसके अलावा पंडित अमृत लाल दुबे जन्म शताब्दी समारोह का आयोजन बिलासपुर में किया गया। मंत्री ने कहा कि परिषद का उद्देश्य प्रदेश की साहित्यिक, सांस्कृतिक और भाषाई विरासत को संरक्षित एवं संवर्धित करना है। विधानसभा में इस विषय पर हुई चर्चा से परिषद की गतिविधियों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी सामने आई।

Comments