अलर्ट: आज से नौतपा शुरू, सूरज की किरणें और बरसाएंगी आग

रायपुर 25 मई 2026। भीषण गर्मी और प्रदेश के कई हिस्सों में ग्रीष्म लहर के बीच सोमवार से नौतपा शुरू हो रहा है। नौतपा में सूरज की किरणें और भी ज्यादा तपाएगी। रविवार को राजधानी के माना में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं रायपुर में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम से आने वाली शुष्क और गर्म हवा के प्रभाव के कारण अधिकतम तापमान बढ़ा हुआ है। अभी इसमें विशेष परिवर्तन होने की सम्भावना नहीं है।  रविवार को भी राजधानी में ग्रीष्म लहर के हालात रहे। भीषण गर्मी और छुट्टी का दिन होने से शहर की सड़कों में दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव के अलावा 8 अन्य शहरों में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री, जगदलपुर में 43.3 डिग्री, रायगढ़ में 42.8 डिग्री, कोरबा में 42.5 डिग्री, बलरामपुर, पेंड्रारोड में 41.8 डिग्री, अम्बिकापुर में 41.7, रामानुजगंज में 40.1 और जशपुर 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Comments