शेयर बाजार में जबरदस्त गिरावट: सेंसेक्स 3,900 और निफ्टी 1,100 अंक टूटा

मुंबई:

भारतीय शेयर बाजार में 7 अप्रैल को सप्ताह की शुरुआत भारी गिरावट के साथ हुई। प्री-ओपनिंग सेशन में ही सेंसेक्स 3,900 अंकों की तेज गिरावट के साथ 71,449 के स्तर पर आ गया, जबकि निफ्टी 1,100 अंक टूटकर 21,758 से नीचे पहुंच गया। दोनों प्रमुख सूचकांक करीब 5% गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।
 
सेक्टोरल इंडेक्स में भी बिकवाली
 
निफ्टी में टाटा मोटर्स और ओएनजीसी सबसे ज्यादा नुकसान वाले शेयरों में शामिल रहे। आईटी और मेटल सेक्टर में 7-7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी करीब 6% की गिरावट देखी गई।
 
गिरावट की मुख्य वजहें
 
इस भारी गिरावट के पीछे वैश्विक बाजारों में बढ़ती चिंता और अमेरिका की टैरिफ नीति को मुख्य कारण माना जा रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी ने दुनियाभर के निवेशकों को परेशान कर दिया है। जापान, हांगकांग और ऑस्ट्रेलिया जैसे एशियाई बाजार भी लाल निशान में बंद हुए, जिससे ग्लोबल ट्रेड वॉर का असर साफ नजर आया।
 
बीते हफ्ते भी बाजार में कमजोर
 
शुक्रवार को भी बाजार लाल निशान में बंद हुआ था। सेंसेक्स 930 अंक टूटकर 75,364 पर और निफ्टी 345 अंक गिरकर 22,904 पर बंद हुआ था। बीते सप्ताह सेंसेक्स में कुल 2,050 अंकों यानी 2.64% की गिरावट आई, जबकि निफ्टी 614.8 अंक यानी 2.61% नीचे फिसला।
 
बाजार पूंजीकरण और निवेशकों को झटका
 
पिछले सप्ताह सेंसेक्स की टॉप 10 में से 9 कंपनियों का कुल मार्केट कैप 2.94 लाख करोड़ रुपये तक घट गया। इसके साथ ही विदेशी निवेशकों (FII) ने भी भरोसा कम दिखाया और शुक्रवार को 3,483.98 करोड़ रुपये के शेयर बेच डाले।

Comments