जानकारी के मुताबिक करतला थाना क्षेत्र के ग्राम तर्री कटरा निवासी सरजू प्रसाद राठिया अपनी पत्नी रमशीला राठिया को प्रसव पीड़ा होने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा था। शुक्रवार तड़के महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पत्नी की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बताया जा रहा है कि सरजू प्रसाद पत्नी का शव लेकर घर जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उसने नवजात बच्ची को साथ ले जाने से इनकार कर दिया। उसने अपनी पहली पत्नी से पहले से दो बच्चों का हवाला दिया।
कुछ देर बाद अस्पताल पहुंचे अन्य परिजनों ने भी बच्ची की जिम्मेदारी लेने में असमर्थता जताई। आखिरकार नवजात को संजीवनी एक्सप्रेस के चालक के भरोसे छोड़ दिया गया। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि दोनों पक्षों के बीच करीब तीन लाख रुपये के उधार लेन-देन को लेकर एक इकरारनामा भी तैयार कराया गया था। इसी वजह से पूरे मामले को नवजात की खरीद-फरोख्त से जोड़कर देखा जा रहा है।
फिलहाल घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटे हैं ताकि नवजात की सुरक्षा और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।

Comments