छत्तीसगढ़ BJP नेत्री से दुष्कर्म-ब्लैकमेलिंग का आरोप, रांची के कारोबारी गिरफ्तार, वायरल वीडियो पर उठे सवाल

बिलासपुर, 22 मई 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से भाजपा नेत्री के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता का आरोप है कि उसकी मुलाकात आरोपी से दिल्ली में हुई थी। इस दौरान आरोपी ने माइनिंग कारोबार में निवेश कराने का झांसा देकर उसके साथ नजदीकियां बढ़ाईं। महिला का आरोप है कि कारोबारी ने भरोसे का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में ब्लैकमेलिंग भी की।
मामले में कार्रवाई करते हुए बिलासपुर पुलिस ने आरोपी संजय सिंह को रांची से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में उसने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठा बताया है।
संजय सिंह का कहना है कि 21 मई को पुलिस उसके घर नोटिस देने पहुंची थी। आरोपी ने उल्टा भाजपा नेत्री पर कोलमाइंस के नाम पर 80 लाख रुपए की ठगी करने का आरोप लगाया है।
वहीं, आरोपी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोग यह चर्चा कर रहे हैं कि क्या आरोपी को खुद पुलिस ने सफाई देने का मौका दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Comments