जून तक बदलेगा रेलवे शेड्यूल छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली दर्जनों ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

बिलासपुर | 14 मई 2026: जून महीने में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न सेक्शनों में नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य और चौथी रेल लाइन निर्माण के चलते 79 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 7 जून से 19 जून 2026 तक अलग-अलग तारीखों में कई एक्सप्रेस और मेमू/पैसेंजर ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कई ट्रेनों के रूट बदले जाएंगे और कुछ को बीच रास्ते में ही समाप्त किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक बिलासपुर-झारसुगुड़ा रेलखंड में चौथी लाइन और यार्ड आधुनिकीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसके चलते रेलवे ने सुरक्षा कारणों से ट्रैफिक ब्लॉक लिया है। इसी वजह से बड़ी संख्या में ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन का स्टेटस अवश्य जांच लें। ऑनलाइन रेलवे पोर्टल, रेलवे हेल्पलाइन और स्टेशन पूछताछ केंद्रों से अपडेट लेने की सलाह दी गई है।
प्रभावित ट्रेनों में कई प्रमुख एक्सप्रेस, मेमू और पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं, जिनसे छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के हजारों यात्रियों पर असर पड़ने की संभावना है।

Comments