चरित्र संदेह के विवाद में पत्नी ने की पति की हत्या, आरोपी महिला गिरफ्तार

अंबिकापुर, 29 जून। बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम कदनई लोटाभवना में घरेलू विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। चरित्र पर लगातार संदेह और आरोप-प्रत्यारोप से परेशान एक महिला ने अपने पति की कथित रूप से लाठी, ईंट और पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून की रात करीब 11 बजे नेतराम मझवार और उसकी पत्नी मानकुंवर मझवार के बीच चरित्र संदेह को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया गया कि पति अक्सर पत्नी के चरित्र पर सवाल उठाता था, जिससे वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थी। घटना वाली रात भी विवाद बढ़ने पर महिला ने कथित रूप से ईंट, पत्थर और लकड़ी से पति पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल नेतराम को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बतौली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला मानकुंवर मझवार (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक आभाष मिंज, प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर, महिला प्रधान आरक्षक मेबिश खाखा, आरक्षक राकेश एक्का, राजेश खलखो, राजू कुजूर, जोगी तथा महिला आरक्षक मेरी क्लोरेट और किरण तांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Comments