छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि प्रदेश में सराफा उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन इसके विस्तार के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता है। उन्होंने बिलासपुर में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क स्थापित करने की मांग रखते हुए कहा कि इससे आधुनिक तकनीक, उत्पादन इकाइयों और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेकर प्रस्ताव की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही। उनके इस आश्वासन से सराफा कारोबारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सराफा उद्योग अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सराफा उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उद्योग के विकास के लिए सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर रही है तथा सम्मेलन में मिले सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
बीएनएस की धारा 317 और सुरक्षा का मुद्दा भी उठा
सम्मेलन में व्यापारियों ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317 से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं को भी सरकार के सामने रखा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की चिंताओं का गंभीरता से परीक्षण कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सराफा व्यापारियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और उनसे जुड़ी आपराधिक घटनाओं में पुलिस लगातार त्वरित कार्रवाई कर रही है।

Comments