क्या बिलासपुर में लागू होगा पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम? गृह मंत्री ने दिए बड़े संकेत

बिलासपुर, 29 जून। छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने संकेत दिए हैं कि बिलासपुर जिले की पुलिस व्यवस्था में जल्द ही बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया जाएगा। उनके इस बयान के बाद शहर में लंबे समय से प्रस्तावित पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं।
रविवार को मीडिया से चर्चा के दौरान गृह मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, आधुनिक एवं जवाबदेह बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इसी तर्ज पर बिलासपुर की पुलिस व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए जाएंगे हालांकि उन्होंने बदलाव की समय-सीमा या किसी औपचारिक घोषणा की जानकारी नहीं दी, लेकिन उनके बयान को बिलासपुर में प्रस्तावित पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू करने की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि बिलासपुर में कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने को लेकर लंबे समय से प्रशासनिक स्तर पर मंथन चल रहा है।
गृह मंत्री ने कहा कि प्रदेशभर में अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और पुलिस व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। ऐसे में बिलासपुर को लेकर दिया गया उनका बयान शहर की कानून-व्यवस्था में बड़े प्रशासनिक बदलाव की संभावना को मजबूत करता है।
 
बस्तर को बताया नक्सलमुक्त
 
मीडिया से बातचीत के दौरान गृह मंत्री विजय शर्मा ने बस्तर में चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि प्रभावी सुरक्षा अभियानों के चलते बस्तर अब पूरी तरह नक्सलियों से मुक्त हो चुका है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

Comments