इससे पहले शनिवार देर शाम करीब आधे घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने मौसम को सुहावना बनाया था, लेकिन रविवार सुबह तेज धूप निकलने के साथ ही उमस फिर बढ़ गई। शाम की हल्की बारिश ने मौसम को कुछ हद तक राहतभरा जरूर बनाया, लेकिन शहरवासी अब भी अच्छी और लगातार बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह के दौरान छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश के लगभग 80 प्रतिशत हिस्से तक पहुंच चुका है। इसके बावजूद कई जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। बस्तर संभाग में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है, फिर भी यहां करीब 54 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वहीं राजनांदगांव सहित कुछ जिलों में अब भी 80 प्रतिशत तक वर्षा की कमी बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में मानसून के सक्रिय होने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

Comments