छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसों ने छह लोगों की जान ले ली। बलरामपुर और जशपुर जिले में हुए दो अलग-अलग हादसों से इलाके में मातम पसरा हुआ है। तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई।
पहला हादसा बलरामपुर जिले के पीपरपान गांव में हुआ, जहां मजदूरों से भरी तेज रफ्तार बाइक सामने चल रहे ट्रैक्टर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन रोकने के बजाय घायलों को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया और फिर मौके से फरार हो गया।
मृतकों में चारों चचेरे भाई बताए जा रहे हैं, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। इनमें से एक युवक राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र समुदाय से भी जुड़ा बताया गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
वहीं दूसरा हादसा नेशनल हाईवे-130 पर जशपुर जिले के जजगा इलाके में हुआ। यहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो ग्रामीण युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक कई मीटर दूर तक सड़क पर घिसटते चले गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक दोनों युवक एक कार्यक्रम में शामिल होकर रात करीब 10 बजे अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है।

Comments