रिश्तों का खूनी अंत, पत्नी ने पति का प्राइवेट पार्ट काटा

बिलासपुर, 25 मई 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां पत्नी ने पति पर दूसरी महिला से अफेयर होने के शक में हंसिए से हमला कर उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है। चकरभाठा बस्ती निवासी राजेश कौशिक राजमिस्त्री का काम करता है। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी दीपती बाई को लंबे समय से शक था कि उसके पति का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
शुक्रवार रात भी पति-पत्नी के बीच जमकर झगड़ा हुआ। बताया जा रहा है कि राजेश शराब के नशे में घर पहुंचा था। विवाद के बाद खाना खाकर वह सो गया। इसी दौरान पत्नी ने गुस्से में आकर हंसिए से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Comments