दुर्ग में दिल दहला देने वाली घटना: माता-पिता समेत दो मासूमों की घर में मिली लाश

दुर्ग, 22 मई 2026: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से शुक्रवार को बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। मोहन नगर थाना क्षेत्र स्थित एक मकान में दंपती और उनके दो मासूम बच्चों की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दंपती ने पहले दोनों बच्चों की हत्या की और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), उनकी पत्नी चंचल साहू (40), बेटी दृष्टि साहू (13) और बेटे यशांत साहू (11) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक दंपती की लाश कमरे में फांसी के फंदे से लटकी मिली, जबकि दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घर से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें आर्थिक तंगी और पारिवारिक तनाव का जिक्र किया गया है। बताया जा रहा है कि परिवार हाल ही में तिरुपति बालाजी दर्शन कर लौटा था।
पुलिस ने चारों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए दुर्ग जिला अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस कॉल डिटेल, आसपास के लोगों से पूछताछ और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Comments