शक ने ले ली जान, पति के अफेयर के शक में 50 हजार देकर करवाई कॉलेज छात्रा की हत्या

दंतेवाड़ा, 21 मई 2026। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला ने पति के कथित अवैध संबंध के शक में कॉलेज छात्रा की हत्या की साजिश रच डाली। आरोपी महिला ने अपने रिश्तेदार और DRG जवान को 50 हजार रुपये देकर युवती की हत्या करवाई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी कमली करटम (40) को शक था कि उसके पति का कॉलेज में पढ़ने वाली युवती से प्रेम संबंध चल रहा है। इसी शक के चलते उसने रिश्तेदार पांडू करटम के साथ मिलकर हत्या की पूरी योजना बनाई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती के शव को बोरे में भरकर सुनसान इलाके में दफना दिया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल वाहन के इंतजाम को लेकर आरोपी की पहली पत्नी की बेटी को भी आरोपी बनाया है। उस पर पिकअप वाहन उपलब्ध कराने का आरोप है।
पुलिस ने कमली करटम और DRG जवान पांडू करटम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बोरे में दफनाया गया कंकाल बरामद किया। जांच में मृतका की पहचान गुटोली निवासी कॉलेज छात्रा के रूप में हुई है, जो दंतेवाड़ा में सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी।
फिलहाल पुलिस मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Comments