अब बच्चों की हर क्लिक पर नजर, Meta ने लॉन्च किया नया पैरेंट कंट्रोल सिस्टम

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच Meta ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने Facebook, Instagram और Messenger पर पैरेंटल सुपरविजन टूल्स का दायरा बढ़ा दिया है। अब माता-पिता यह जान सकेंगे कि उनके बच्चों को किस तरह का कंटेंट ज्यादा दिख रहा है, वे किन अकाउंट्स को फॉलो कर रहे हैं और किससे ज्यादा बातचीत कर रहे हैं।
Meta के अनुसार नए फीचर्स के जरिए पैरेंट्स बच्चों की स्क्रीन टाइम एक्टिविटी, कंटेंट पैटर्न और ऑनलाइन व्यवहार पर नजर रख सकेंगे। कंपनी ने “फैमिली सेंटर” को और मजबूत करते हुए ऐसे कई कंट्रोल जोड़े हैं, जिनसे बच्चों की डिजिटल सुरक्षा बढ़ाने का दावा किया गया है।
नए सिस्टम में माता-पिता यह भी देख पाएंगे कि बच्चा किन विषयों में अधिक रुचि ले रहा है, जैसे गेमिंग, फैशन, फिटनेस या रिलेशनशिप से जुड़े वीडियो। हालांकि Meta ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की निजी चैट और संदेश पूरी तरह एन्क्रिप्टेड और सुरक्षित रहेंगे।
इसके अलावा देर रात तक सोशल मीडिया इस्तेमाल को कम करने के लिए “Sleep Mode” फीचर को भी मजबूत किया गया है। रात के समय लगातार उपयोग करने पर ऐप नोटिफिकेशन बंद हो जाएंगे और यूजर्स को आराम करने का रिमाइंडर दिया जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि दुनिया भर में सोशल मीडिया कंपनियों पर बढ़ते सरकारी दबाव और बच्चों की मानसिक सेहत को लेकर उठ रहे सवालों के बीच Meta का यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Comments