जमीन पर गाड़ी, आसमान में ड्रोन, छत्तीसगढ़ पुलिस को मिला नेक्स्ट जनरेशन सुरक्षा कवच

रायपुर, 21 मई 2026। राजधानी रायपुर में नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बुधवार को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री Vijay Sharma ने ‘डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन’ सेवा का शुभारंभ किया।
इस मौके पर उन्होंने 54 अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पांस वाहनों और 4 विशेष हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें रायपुर कमिश्नरेट के शहरी क्षेत्रों के लिए 33 और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 21 वाहन शामिल हैं।
गृह मंत्री ने बताया कि पहले चरण में डायल-112 सेवा केवल 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों तक विस्तार दिया गया है। सभी वाहन जीपीएस आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम, स्मार्ट कंट्रोल, कॉल रिकॉर्डिंग, रियल टाइम ट्रैकिंग और डिजिटल कम्युनिकेशन तकनीक से लैस हैं। इससे शिकायत मिलते ही पुलिस टीम स्वतः शिकायतकर्ता की लोकेशन तक पहुंच सकेगी।
उन्होंने कहा कि अब नागरिकों को पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी सेवाओं के लिए अलग-अलग नंबर याद रखने की आवश्यकता नहीं होगी। केवल ‘112’ डायल करते ही पुलिस सहायता, मेडिकल इमरजेंसी, फायर ब्रिगेड, महिला हेल्पलाइन 1091, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और हाईवे इमरजेंसी जैसी सभी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में गृह मंत्री ने भविष्य में ड्रोन पेट्रोलिंग शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुलिस थानों को तकनीकी रूप से अपग्रेड किया जा रहा है और जल्द ही ड्रोन के जरिए निगरानी तथा अनाउंसमेंट की व्यवस्था शुरू होगी।
इस अवसर पर विधायक Rajesh Munat, विधायक Purandar Mishra, रायपुर पुलिस कमिश्नर Dr. Sanjeev Shukla सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments