स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे बिलासपुर : अस्पतालों और दवा गोदाम का किया निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर लगाई फटकार.. बेहतर सुविधाओं के दिए निर्देश

बिलासपुर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान सेंदरी मानसिक चिकित्सालय, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, कैंसर अस्पताल, जिला अस्पताल और सेंदरी स्थित दवा भंडार का निरीक्षण किया। उन्होंने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शीघ्र आईपीडी सेवा प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पतालों में वाटर कूलर और एयर कंडीशनर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मंत्री ने चिकित्सकों को मरीजों के उपचार में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश भी दिए।
 
निरीक्षण के दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, कलेक्टर अवनीश शरण, चिकित्सा शिक्षा विभाग की आयुक्त किरण कौशल, सिम्स डीन डॉ. रमणेश मूर्ति समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
 
स्वास्थ्य मंत्री ने सबसे पहले राज्य मानसिक चिकित्सालय सेंदरी का दौरा किया। उन्होंने जानकारी दी कि अस्पताल में 100 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की जा रही है, जिससे अब कुल बेडों की संख्या 300 हो जाएगी। उन्होंने पीडब्ल्यूडी को मरम्मत और रंगाई-पुताई के लिए अनुमान तैयार करने के निर्देश दिए। मंत्री ने महिला वार्ड, नर्सिंग स्टेशन, पुरुष वार्ड, मेल शॉर्ट स्टे वार्ड और महिला पुनर्वास वार्ड सहित पूरे परिसर का गहन निरीक्षण किया और मरीजों से मिलकर सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
 
इसके बाद उन्होंने सेंदरी के दवा गोदाम का मुआयना किया, जहां स्टॉक रजिस्टर की जांच कर दवाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
 
स्वास्थ्य मंत्री ने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के दौरे में भवन और अब तक उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने भर्ती और क्रय प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने तथा स्वच्छता और रख-रखाव की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
 
गौरतलब है कि 200 करोड़ रुपये की लागत से केंद्र और राज्य सरकार की साझेदारी में बना यह 11 मंजिला अत्याधुनिक अस्पताल 240 बिस्तरों से सुसज्जित है, जिसमें 70 आईसीयू/आईसीसीयू बेड और 8 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर हैं। सिम्स के इस विस्तारित परिसर में न्यूरोसर्जरी, पल्मनोलॉजी, यूरोलॉजी और जनरल मेडिसिन ओपीडी की सेवाएं संचालित हो रही हैं। उपकरणों की खरीदी केंद्र सरकार की एजेंसी हाइट्स द्वारा की जा रही है, जिसकी प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी मंत्री ने दिए।

Comments