रायपुर निगम का AI टैक्स सिस्टम लॉन्च: अब व्हाट्सएप पर जमा होगा प्रॉपर्टी टैक्स

रायपुर, 27 मई 2026। राजधानी रायपुर में अब प्रॉपर्टी टैक्स जमा करना पहले से ज्यादा आसान और डिजिटल हो गया है। नगर निगम रायपुर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ऑनलाइन टैक्स पोर्टल और व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा शुरू कर दी है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर शुरू हुई इस सुविधा के जरिए नागरिक घर बैठे ही टैक्स का मूल्यांकन कर ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत नागरिक UPI, क्रेडिट-डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग के माध्यम से सुरक्षित भुगतान कर पाएंगे। निगम प्रशासन का दावा है कि इससे टैक्स भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी, सरल और तेज होगी।
ऐसे करेगा काम व्हाट्सएप चैटबॉट
नगर निगम ने शहर की लगभग 3.58 लाख संपत्तियों को डिजिटल सिस्टम से जोड़ा है, जिनमें से 3.44 लाख संपत्तियों से टैक्स प्राप्त होता है। नागरिक अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 9301953298 पर ‘हाय’ लिखकर चैट शुरू कर सकते हैं।
इसके बाद प्रॉपर्टी ID या वार्ड की जानकारी दर्ज करने पर चैटबॉट आवासीय या व्यावसायिक क्षेत्रफल, निर्माण वर्ष और अन्य विवरणों के आधार पर टैक्स का अनुमान बताएगा। बिल जनरेट होने के बाद व्हाट्सएप पर ही भुगतान कर डिजिटल रसीद प्राप्त की जा सकेगी। साथ ही जल कर और यूजर चार्ज का पूरा ब्रेकअप भी दिखाई देगा।
जून तक भुगतान पर मिलेगी छूट
नगर निगम ने वर्ष 2026-27 में 450 करोड़ रुपए टैक्स वसूली का लक्ष्य रखा है। पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में निगम ने 342 करोड़ रुपए टैक्स संग्रह किया था।
निगम प्रशासन ने नागरिकों को जल्द भुगतान के लिए प्रोत्साहित करते हुए जून माह तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने पर 6.25 प्रतिशत तक विशेष छूट देने की घोषणा की है।
UPI कंपनियों से चर्चा जारी
नगर निगम जल्द ही UPI पेमेंट गेटवे को और मजबूत करने की तैयारी में है। इसके लिए फोन-पे, गूगल-पे, अमेजन-पे और पेटीएम जैसी कंपनियों से चर्चा चल रही है। निगम का प्रयास है कि डिजिटल ट्रांजेक्शन पर लगने वाला 0.5 से 1 प्रतिशत तक का सरचार्ज समाप्त किया जा सके, जिससे नागरिकों को अतिरिक्त राहत मिल सके।
निगम अधिकारियों के अनुसार, शासन की अधिसूचना के तहत हर तीन साल में संपत्ति कर में आंशिक वृद्धि की जाती है। नए AI आधारित सिस्टम से टैक्स निर्धारण और वसूली प्रक्रिया में पारदर्शिता और सटीकता आएगी।

Comments