बिलासपुर कलेक्टर कार्यालय में सुनी गई फरियाद, PM आवास से ट्राई साइकिल तक, मौके पर ही अफसरों को निर्देश

बिलासपुर, 26 मई 2026/कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आज अपर कलेक्टर श्री एसएस दुबे ने लोगों की समस्याएं सुनी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 
      जनदर्शन में पहुंची ग्राम दर्रीघाट की श्रीमती संगीता खांडे ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि वे बेहद गरीब हैं और उनके पति की सीमित आय में किराए के मकान में रहकर दो बच्चों की परवरिश करना बेहद मुश्किल हो रहा है। तखतपुर ब्लॉक के परसदा निवासी संतोषी निर्मलकर ने जनदर्शन में आवेदन देकर नया बीपीएल राशन कार्ड बनाए जाने की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि पहले से राशन कार्ड के लिए आवेदन देने के बावजूद अब तक उनका राशन कार्ड नहीं बन पाया है। उन्होंने बताया कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। पचपेड़ी तहसील के ग्राम गोड़ाडीह निवासी लकेश्वर ने अपनी डायवर्सन कराने हेतु अपर कलेक्टर को अपना ज्ञापन सौंपा। आवेदन में बताया गया है कि उनकी भूमि ग्राम गोड़ाडीह में स्थित है और वे भूमि के एक हिस्से का उपयोग व्यवसायिक कार्य के लिए करना चाहते हैं। उन्होंने नियमानुसार भूमि डायवर्सन की अनुमति प्रदान करने की मांग की है। ग्राम खमतराई के ग्रामीणों ने अपर कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में बताया कि ग्राम खमतराई के प्राचीन तालाब को असामाजिक तत्वों द्वारा अधिग्रहित किया जा रहा है एवं उनके द्वारा निरंतर गंदगी फेंककर तालाब को प्रदूषित करने का कार्य किया जा रहा है। वहीं जनदर्शन में कपसिया कला के दिव्यांग सावन कुमार ने ट्राई साइकिल दिलाने आवेदन प्रस्तुत किया। शहरी क्षेत्र के फजलबाड़ा वार्ड क्रमांक 33, गांधीनगर की निवासी राधा गायकवाड़ और शिवकुमारी यादव ने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है। पीड़ितों ने बताया कि वे गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन करने वाले अत्यंत गरीब परिवार हैं। विगत दिनों अचानक एक विशाल बरगद का पेड़ उनके मकानों के ऊपर गिर गया, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से काफी नुकसान पहुंचा है। वे मकान की मरम्मत कराने में असमर्थ हैं और वर्तमान में बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शासन से तत्काल आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की गुहार लगाई है। 
    जनदर्शन में आज अपर कलेक्टर श्री दुबे ने सभी की समस्याओं को इत्मीनान से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। 

Comments