AI अब बनेगा रिश्तों का सलाहकार, बंबल ला रहा 'बी' नाम का AI असिस्टेंट, पहली डेट की प्लानिंग भी करेगा

नई दिल्ली, 27 मई 2026। जीवनसाथी की तलाश का तरीका एक बार फिर बदलने जा रहा है। परिवार और वैवाहिक विज्ञापन से होते हुए डेटिंग ऐप्स तक पहुंची यह प्रक्रिया अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के नए दौर में प्रवेश कर रही है। जल्द ही AI सिर्फ सवालों के जवाब या तस्वीरें बनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संभावित जीवनसाथी चुनने और रिश्तों को आगे बढ़ाने की सलाह भी देगा।
 
बंबल लाएगा AI डेटिंग सहायक 'बी'
लोकप्रिय डेटिंग ऐप बंबल ने घोषणा की है कि वह इस वर्ष के अंत तक 'बी' नामक AI आधारित डेटिंग सहायक पेश करेगा। यह सहायक पहले यूजर से बातचीत कर उसकी पसंद, रुचियों और अपेक्षाओं को समझेगा। इसके बाद संभावित साथी सुझाएगा और पहली मुलाकात के लिए उपयुक्त गतिविधियों की भी सिफारिश करेगा। यानी जीवनसाथी की तलाश से लेकर पहली डेट प्लान करने तक AI मदद करेगा।
क्यों घट रहा है डेटिंग ऐप्स का आकर्षण?
हाल के शोधों में सामने आया है कि लगातार प्रोफाइल देखने और निर्णय लेने की प्रक्रिया से यूजर्स में थकान बढ़ रही है। सुरक्षा संबंधी चिंताएं, फर्जी प्रोफाइल और भेदभावपूर्ण व्यवहार ने भी भरोसा प्रभावित किया है। इसी वजह से प्रमुख डेटिंग ऐप्स के उपयोग और डाउनलोड में गिरावट देखी जा रही है। कंपनियों को उम्मीद है कि AI आधारित सुविधाएं अनुभव बेहतर बनाएंगी और सटीक मैच उपलब्ध कराएंगी।
प्यार को कितना समझ पाएगी मशीन?
विशेषज्ञों का मानना है कि AI संभावित साथियों की सूची को सीमित कर निर्णय आसान बना सकता है। लेकिन प्यार और रिश्ते केवल समान रुचियों या आंकड़ों का मेल नहीं होते। इनमें भावनाएं, विश्वास, समझ और मानवीय अनुभव शामिल होते हैं, जिन्हें एल्गोरिदम में पूरी तरह समेटना आसान नहीं। आलोचकों का कहना है कि इससे रिश्तों का मानवीय पक्ष कमजोर पड़ सकता है। तकनीक रास्ता दिखा सकती है, लेकिन रिश्तों की असली मजबूती अब भी भरोसे और संवेदनाओं पर टिकी रहेगी।
 
 

Comments