जानकारी के मुताबिक, व्यापारी प्रदीप सोनी रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान कुछ बदमाश वहां पहुंचे और सोना-चांदी लूटने लगे। व्यापारी ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके सीने पर गोली दाग दी। गोली लगते ही व्यापारी जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी सोना-चांदी लेकर मौके से फरार हो गए। फिलहाल कितने रुपए के जेवरात की लूट हुई है, इसका आंकलन किया जा रहा है। वारदात पेंड्रा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
इधर, हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय व्यापारियों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने अस्पताल पहुंचकर पुलिस से शव छीन लिया और पेंड्रा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम लोगों को समझाने में जुटी रही। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश में इलाके में घेराबंदी कर दी गई है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments