वाल्टेयर मंडल में विशेष टिकट जांच अभियान, 3,368 लोगों से 17 लाख रुपये जुर्माना वसूल

जगदलपुर। बिना टिकट यात्रा को रोकने के लिए वाल्टेयर मंडल ने रेलवे सुरक्षा बल के सहयोग से विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। इस अभियान के तहत तीन दिनों में 3,368 यात्रियों से 17 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

वाल्टेयर मंडल के रेल प्रबंधक ललित बोहरा ने इन पहलुओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सभी स्टेशनों पर यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव सुनिश्चित करना है।

इन जांच अभियानों का एक और उद्देश्य दिव्यांगजन, महिला यात्रियों और अन्य के लिए आरक्षित कोचों में अनधिकृत प्रवेश को रोकना भी था। जानकारी के अनुसार, 19, 20 और 21 मार्च को आयोजित विशेष अभियान में बिना टिकट यात्रा और अन्य अनियमितताओं के 3,368 मामलों का खुलासा किया गया, जिससे किराए और जुर्माने के रूप में 17 लाख रुपये की वसूली की गई। इन कार्रवाइयों के परिणामस्वरूप टिकट बिक्री में 10% से अधिक की वृद्धि देखी गई।

Comments