नामकरण समारोह मातम में बदला, जमीन झगड़े में भाई की हत्या

दंतेवाड़ा, 21 मई. छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पारिवारिक जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक भाई ने अपने ही सगे भाई की लोहे की गैंती से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम टेकनार को-ऑपारा में 19 मई को नामकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में परिवार और रिश्तेदार मौजूद थे। इसी दौरान पैतृक जमीन को लेकर दो भाइयों रामू और रामलाल के बीच विवाद शुरू हो गया। पहले दोनों के बीच बहस हुई, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया।
बताया जा रहा है कि दोपहर में खाना खाने के बाद मृतक रिश्तेदार के घर के आंगन में सो गया था। तभी आरोपी भाई वहां पहुंचा और लोहे की गैंती से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Comments