10 जनवरी से शुरू होगा UPSC 2027 का सत्र, देखें जनवरी से दिसंबर तक का पूरा शेड्यूल

UPSC Exam Calendar 2027: यूपीएससी ने 2027 की भर्ती एवं परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 23 मई 2027 और मुख्य परीक्षा 20 अगस्त 2027 से होगी। इसके अलावा, एनडीए, सीडीए, आईईएस, सीएमएस समेत कई बड़ी परीक्षाओं की तारीखें भी घोषित कर दी गई हैं।
 UPSC Exam Calendar 2027: संघ लोक सेवा आयोग ने वर्ष 2027 के लिए परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं (RTs) का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा मानी जाने वाली सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 23 मई 2027 (रविवार) को आयोजित की जाएगी, जबकि सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 20 अगस्त 2027 (शुक्रवार) से शुरू होगी और इसकी अवधि पांच दिन निर्धारित की गई है।
 
जनवरी से शुरू होगा परीक्षा सत्र
आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक वर्ष की शुरुआत 10 जनवरी 2027 से संयुक्त भू-वैज्ञानिक (प्रारंभिक) परीक्षा से होगी। इसके बाद 31 जनवरी 2027 को इंजीनियरिंग सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा आयोजित की जाएगी। फरवरी और मार्च में कई भर्ती परीक्षाएं एवं विभागीय परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।
 
कैलेंडर के अनुसार संयुक्त भू-वैज्ञानिक (प्रारंभिक) परीक्षा 2 सितंबर 2026 को अधिसूचित होगी और आवेदन की अंतिम तिथि 22 सितंबर 2026 तय की गई है। परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित होगी। वहीं इंजीनियरिंग सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा की अधिसूचना 16 सितंबर 2026 को जारी होगी तथा आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 6 अक्तूबर 2026 रहेगी। यह परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।
सीआईएसएफ एसी (EXE) एलडीसीई परीक्षा मार्च में
आयोग ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में सहायक कमांडेंट (कार्यकारी) लिमिटेड विभागीय प्रतियोगी परीक्षा (LDCE)-2027 की तिथि भी घोषित कर दी है। यह परीक्षा 14 मार्च 2027 को होगी। इसके लिए अधिसूचना 25 नवंबर 2026 को जारी होगी और आवेदन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 होगी।
एनडीए-I और सीडीएस-I की परीक्षाएं अप्रैल में
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नौसेना अकादमी परीक्षा (NDA & NA Examination-I), 2027 तथा संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (CDS Examination-I), 2027 दोनों का आयोजन 11 अप्रैल 2027 (रविवार) को किया जाएगा। दोनों परीक्षाओं की अधिसूचना 2 दिसंबर 2026 को जारी होगी तथा आवेदन की अंतिम तिथि 22 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
 
मई में होगी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा
सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2027 तथा भारतीय वन सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2027 का आयोजन 23 मई 2027 को किया जाएगा। भारतीय वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के माध्यम से आयोजित होगी। इन परीक्षाओं की अधिसूचना 13 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी और आवेदन की अंतिम तिथि 2 फरवरी 2027 रहेगी। परीक्षा की अवधि एक दिन निर्धारित है।
 
जून-जुलाई में कई अहम परीक्षाएं
इसके बाद जून 2027 में इंजीनियरिंग सेवा (मुख्य) परीक्षा और भारतीय आर्थिक सेवा/भारतीय सांख्यिकी सेवा परीक्षा (IES/ISS) आयोजित की जाएंगी। इंजीनियरिंग सेवा (मुख्य) परीक्षा 18 जून 2027 से होगी, जबकि आईईएस/आईएसएस परीक्षा भी 18 जून 2027 से शुरू होकर तीन दिनों तक चलेगी। आईईएस/आईएसएस परीक्षा के लिए अधिसूचना 10 फरवरी 2027 को जारी होगी और आवेदन 2 मार्च 2027 तक स्वीकार किए जाएंगे।
 
संयुक्त भू-वैज्ञानिक (मुख्य) परीक्षा 19 जून 2027 को आयोजित होगी। वहीं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सहायक कमांडेंट) परीक्षा 4 जुलाई 2027 को होगी। इस परीक्षा की अधिसूचना 17 फरवरी 2027 को जारी की जाएगी तथा आवेदन की अंतिम तिथि 9 मार्च 2027 तय की गई है।
 
संयुक्त चिकित्सा सेवा परीक्षा (Combined Medical Services Examination), 2027 का आयोजन 18 जुलाई 2027 को होगा। इसके लिए अधिसूचना 3 मार्च 2027 को जारी होगी और आवेदन 23 मार्च 2027 तक लिए जाएंगे।
 
सितंबर में एनडीए-II और सीडीएस-II
आयोग के कार्यक्रम के अनुसार एनडीए एवं एनए परीक्षा (II) तथा सीडीएस परीक्षा (II), 2027 दोनों 19 सितंबर 2027 को आयोजित होंगी। इन परीक्षाओं की अधिसूचना 12 मई 2027 को जारी की जाएगी तथा आवेदन की अंतिम तिथि 1 जून 2027 होगी।
 
नवंबर में होगी भारतीय वन सेवा मुख्य परीक्षा
 
भारतीय वन सेवा (मुख्य) परीक्षा, 2027 का आयोजन 21 नवंबर 2027 से होगा और यह परीक्षा सात दिनों तक चलेगी। वहीं एसओ/स्टेनो (ग्रेड-बी/ग्रेड-I) लिमिटेड विभागीय प्रतियोगी परीक्षा (LDCE) 18 दिसंबर 2027 को आयोजित की जाएगी। इसके लिए अधिसूचना 15 सितंबर 2027 को जारी होगी तथा आवेदन की अंतिम तिथि 5 अक्तूबर 2027 तय की गई है।

Comments