गलतफहमियों के पुराने फॉर्मूले में फंसी आयुष्मान की फिल्म, फीकी पड़ी कॉमेडी

आयुष्मान खुराना एक और कॉमेडी फिल्म लेकर आए हैं। इस बार उनके साथ एक-दो नहीं बल्कि तीन हीरोइनें हैं। फिल्म देखने से पहले पढ़िए ये रिव्यू और जानिए कैसी है फिल्म…
बॉलीवुड में शादीशुदा आदमी की गलतफहमियों पर फिल्में बनाना शायद सबसे आसान काम है। बस एक पुरानी दोस्त वापस ले आइए, पत्नी को शक करा दीजिए और बीच-बीच में देसी एक्सेंट में कुछ डायलॉग बुलवा दीजिए। ‘पति पत्नी और वो 2’ भी बिल्कुल इसी फॉर्मूले पर चलती है। फर्क सिर्फ इतना है कि फिल्म खुद को जितना मजेदार समझती है, उतनी है नहीं। जानिए कैसी है फिल्म?
कहानी
फिल्म की कहानी प्रयागराज के फॉरेस्ट ऑफिसर प्रजापति पांडे (आयुष्मान खुराना) की है, जिनकी शादी टीवी रिपोर्टर अपर्णा (वामिका गब्बी) से हुई है। अपर्णा की दोस्त नीलोफर (रकुल प्रीत सिंह) प्रजापति के साथ वन विभाग में काम करती है।

मामला तब उलझता है, जब प्रजापति की कॉलेज फ्रेंड चंचल (सारा अली खान) अचानक वापस उनकी जिंदगी में लौटती है। चंचल अपने बॉयफ्रेंड से शादी करना चाहती है और इसी सिलसिले में वह प्रजापति की मदद लेती है।

इसके बाद फिल्म पूरी तरह गलतफहमियों के भरोसे चलती है। कोई आधी बात सुन लेता है, कोई गलत जगह पहुंच जाता है और फिर वही पुराना ‘तुम जैसा सोच रही हो वैसा कुछ नहीं है’ वाला ट्रैक शुरू हो जाता है।

दिक्कत यह नहीं कि कहानी सिंपल है, दिक्कत यह है कि फिल्म के पास इस सिंपल कहानी को इंटरेस्टिंग बनाने के लिए नया कुछ है ही नहीं। इंटरवल तक आते-आते अंदाजा लग जाता है कि आगे कौन किस पर शक करने वाला है।

निर्देशक मुदस्सर अजीज ने छोटे शहर वाली रिलेशनशिप कॉमेडी बनाने की कोशिश की है, लेकिन फिल्म कई जगह व्हाट्सऐप फॉरवर्ड वाली कॉमेडी और टीवी सीरियल वाले कन्फ्यूजन के बीच झूलती रहती है।

Comments