माशिमं का बड़ा फैसला: अब 5% अंक बढ़ने पर भी मिलेगा पुनर्मूल्यांकन का लाभ

रायपुर, 12 मई 2026।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। अब पुनर्मूल्यांकन में केवल 5 प्रतिशत अंक बढ़ने पर भी अंक वृद्धि मान्य की जाएगी और छात्रों को नई अंकसूची जारी की जाएगी। पहले यह सीमा 10 प्रतिशत तय थी, जिसके कारण कई विद्यार्थियों को लाभ नहीं मिल पाता था।
मंडल के इस फैसले से हजारों विद्यार्थियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद कई छात्र अपने अंकों से असंतुष्ट रहते हैं और पुनर्गणना या पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करते हैं। अब नए नियम के तहत कम अंतर आने पर भी छात्रों के अंकों में सुधार मान्य होगा।
माशिमं के अधिकारियों के अनुसार, इस बार उत्तरपुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन दो विशेषज्ञ शिक्षकों से कराया जाएगा ताकि प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बन सके। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि विद्यार्थियों के अंक बढ़ते हैं या कम होते हैं, दोनों ही स्थिति में संशोधित परिणाम मान्य रहेगा।
बोर्ड परीक्षा के नतीजे 29 अप्रैल को जारी किए गए थे। विद्यार्थी पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। इस फैसले को विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए राहतभरा कदम माना जा रहा है।

Comments