छत्तीसगढ़ में मौसम का डबल अटैक: कल से अंधड़-बारिश, फिर बढ़ेगी झुलसाने वाली गर्मी

रायपुर, 12 मई 2026: छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बुधवार से तेज अंधड़ और बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसम प्रणाली के असर से प्रदेश का मौसम बदलेगा। हालांकि बारिश और तेज हवाओं के बावजूद लोगों को गर्मी से खास राहत मिलने वाली नहीं है। आने वाले 5 दिनों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव और सरगुजा संभाग के कई जिलों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने कहा गया है।
प्रदेश में लगातार बदलते मौसम के कारण लोगों को उमस और गर्मी दोनों का सामना करना पड़ सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि मई के दूसरे पखवाड़े में गर्मी और ज्यादा तेज हो सकती है।

Comments