बालोद, छत्तीसगढ़। जिले के ग्राम जगतरा में उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेंदुआ किसान के खेत स्थित कुएं में गिर गया। तेंदुआ काफी देर तक पाइप के सहारे बाहर निकलने की कोशिश करता रहा। सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और बिना ट्रेंकुलाइज किए खाट की मदद से तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाला।
हालांकि जैसे ही तेंदुआ कुएं से बाहर आया, उसने अचानक छलांग लगा दी। इससे आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए तालाब में कूद गए। बाद में तेंदुआ पास के धान के खेत में छिप गया और शाम करीब 5 बजे बालोद-धमतरी मुख्य मार्ग के पास देखा गया।
घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के करीब 20 गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने ग्राम जगतरा और आसपास के क्षेत्रों में धारा 163 लागू कर दी है। साथ ही भीड़ लगाने, फोटो-वीडियो बनाने और जंगल की ओर जाने पर रोक लगा दी गई है।
वन विभाग लगातार इलाके में निगरानी कर रहा है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
तेंदुए की दहशत से सहमे 20 गांव: प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

Comments