बिलासपुर को मिलेगी जाम से राहत, 75 करोड़ से बनेगी फोरलेन सीसी बायपास रोड

बिलासपुर, 12 जून 2026। बिलासपुर शहर की यातायात व्यवस्था को मजबूत करने और भारी वाहनों के दबाव से राहत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कोनी-मोपका बायपास रोड को अब फोरलेन सीमेंट कांक्रीट (सीसी) सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए 75.73 करोड़ रुपये का टेंडर स्वीकृत कर दिया गया है।
करीब 13.4 किलोमीटर लंबी यह सड़क लंबे समय से जर्जर हालत और बारिश के मौसम में आवागमन की परेशानी के कारण चर्चा में रही है। बरसात के दौरान सड़क पर कीचड़, गड्ढों और जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है, जिससे जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
नई फोरलेन सीसी सड़क बनने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव भी कम होगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और लोगों का समय व ईंधन दोनों की बचत होगी।
उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना बिलासपुर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी।
सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कोनी-मोपका बायपास क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित, सुगम और आधुनिक हो जाएगी, जिससे हजारों वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

Comments