एसएसपी रजनेश सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि पिछले कुछ दिनों से शहर में एक बाइकर्स गैंग सक्रिय था। आरोपी सुबह के समय सुनसान या कम भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं पर नजर रखते थे और मौका मिलते ही उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो जाते थे। गिरोह ने शहर में लगातार तीन बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था, जिसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का नेटवर्क केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं था। आरोपी विभिन्न राज्यों में जाकर स्थानीय सहयोगियों की मदद से ठहरते थे और वहां भी महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग तथा लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस अब फरार तीन आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से कई अन्य मामलों का खुलासा हो सकता है।

Comments