1.50 लाख का झांसा, 10 लाख का KCC लोन हड़प गया आरोपी; किसान से बड़ी ठगी

जगदलपुर, 22 जून 2026। बस्तर जिले में किसान के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने किसान को 1.50 लाख रुपये का लोन दिलाने का भरोसा दिया, लेकिन उसके नाम पर किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के जरिए 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत करा लिया। इसमें से किसान को केवल 1.50 लाख रुपये दिए गए, जबकि शेष 8.50 लाख रुपये आरोपी ने अपने पास रख लिए।
मामले का खुलासा तब हुआ जब किसान के पास बैंक से ऋण चुकाने का नोटिस पहुंचा। नोटिस मिलने के बाद किसान को पूरे फर्जीवाड़े की जानकारी हुई और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला नगरनार थाना क्षेत्र का है। ग्राम कुरंदी जामगुड़ा निवासी किसान गणपति बघेल ने शिकायत में बताया कि उन्हें बैल खरीदने के लिए पैसों की आवश्यकता थी। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने बैंक से कम राशि का लोन दिलाने का आश्वासन दिया। आरोपी ने बैंक अधिकारियों से संपर्क और पहचान का फायदा उठाकर किसान के नाम पर 10 लाख रुपये का KCC लोन स्वीकृत करा लिया।
जब तक किसान को वास्तविक ऋण राशि की जानकारी होती, तब तक आरोपी लाखों रुपये हड़प चुका था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऋण या बैंकिंग प्रक्रिया में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से पहले पूरी जानकारी अवश्य लें और बैंक रिकॉर्ड की नियमित जांच करें।

Comments