पत्नी को बचाने दौड़ा पति, करंट ने छीन ली दोनों की जिंदगी

मस्तूरी/बिलासपुर, 21 जून: करंट की चपेट में आने से दंपती की मौत, 14 वर्षीय बेटे के सिर से उठा माता-पिता का साया
मस्तूरी/बिलासपुर, 21 जून। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की करंट लगने से मौत हो गई। कपड़ा सुखाने के लिए लगाए गए जीआई तार में करंट प्रवाहित होने से पहले पत्नी इसकी चपेट में आई, जिसे बचाने दौड़े पति भी करंट की जद में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कर्रा निवासी सचिन चंद्राकर (45) और उनकी पत्नी रजनी चंद्राकर (32) शनिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे घर पर थे। रजनी आंगन में कपड़ा सुखाने के लिए गई थीं। इसी दौरान कपड़ा डालने के लिए लगाए गए जीआई तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। तार को छूते ही वह करंट की चपेट में आ गईं और छटपटाने लगीं।
पत्नी को बचाने के लिए सचिन तुरंत दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया था और वह जीआई तार के संपर्क में आ गया। इसी वजह से तार में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे यह हादसा हुआ।
दोनों पति-पत्नी जेके कॉलेज में भोजन बनाने का कार्य करते थे और रोज की तरह सुबह जल्दी उठ गए थे। उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दंपती का 14 वर्षीय बेटा स्कूल में पढ़ाई करता है। माता-पिता की असमय मौत से उसके सिर से दोनों का साया उठ गया है। परिवार में अब केवल उसके दिव्यांग दादा हैं, जिन पर बच्चे की जिम्मेदारी आ गई है।
सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मस्तूरी थाना प्रभारी कृष्णचंद सिदार ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे की है। कपड़ा सुखाने के दौरान दोनों करंट की चपेट में आ गए थे। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Comments