12.79 लाख की गांजा खेप मामले में पुलिस को सफलता, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 22 जून 2026। राजधानी रायपुर में नारकोटिक्स एक्ट के एक बड़े मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में 21.173 किलोग्राम गांजा तस्करी मामले के मुख्य आरोपी और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपी मई 2026 से फरार चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कौशांबी निवासी शिवम सोनी और रायपुर निवासी काजल साहू के रूप में हुई है। इससे पहले इस मामले में पुलिस ने 21.173 किलो गांजा, कार, मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित करीब 12.79 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया था।
जानकारी के मुताबिक 8 मई 2026 को एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF), एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भागांगांव-खुड़मुड़ा मार्ग पर नाकेबंदी की थी। मुखबिर की सूचना पर एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर अपने साथी के साथ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था।
वाहन की तलाशी के दौरान दो बोरियों में रखे 21.173 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन, महत्वपूर्ण दस्तावेज और पांच लीटर डीजल बरामद हुआ था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। लगातार तकनीकी जांच और मुखबिर सूचना के आधार पर आखिरकार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comments