स्कूल के बंद कमरे से मिला 1.77 करोड़ का कैश, रातभर चलती रही नोट गिनने की मशीन!

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के कांचरापारा में एक निजी स्कूल से करोड़ों रुपये नकद बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में स्कूल के एक बंद कमरे से करीब 1.77 करोड़ रुपये नकद जब्त किए हैं। बरामद राशि इतनी अधिक थी कि उसे गिनने के लिए पूरी रात नोट गिनने की मशीन चलानी पड़ी।
 
पुलिस के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान कमरे से नकदी से भरे आठ पैकेट बरामद किए गए। मामले में स्कूल के लेखाकार अभीक कुमार नाग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर इतनी बड़ी नकदी स्कूल परिसर में कैसे और क्यों रखी गई थी।
 
अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में कमल अधिकारी, गौतम घोष दस्तीदार, अभीक कुमार नाग और सयान नाग के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज की गई है। शिकायत में वित्तीय अनियमितताओं और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
 
गौरतलब है कि कमल अधिकारी कांचरापारा नगर पालिका के अध्यक्ष हैं और बिजपुर के पूर्व विधायक सुबोध अधिकारी के भाई बताए जाते हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और संबंधित एजेंसियां नकदी के स्रोत तथा इसके संभावित उपयोग की जांच में जुट गई हैं।
 
फिलहाल यह मामला पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना हुआ है और जांच के बाद ही करोड़ों रुपये की इस रहस्यमयी नकदी का सच सामने आ सकेगा।

Comments