रायपुर से अभनपुर पहुंचे राहुल गांधी, कांग्रेस संगठन को देंगे चुनावी मंत्र

रायपुर, 21 जून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे। रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट से राहुल गांधी सीधे रायपुर जिले के अभनपुर स्थित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के लिए रवाना हुए।
अभनपुर में आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी करीब चार घंटे तक मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान वे जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों सहित संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों से सीधा संवाद करेंगे। माना जा रहा है कि आगामी चुनावों और संगठन को मजबूत करने को लेकर वे महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देंगे।
कांग्रेस ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को गोपनीय रखा है, बावजूद इसके प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अभनपुर पहुंचे हैं। सक्ती जिले के जैजपुर से आए ब्लॉक अध्यक्ष कौशिक चंद्र ने बताया कि वे राहुल गांधी से मिलने के लिए पहले बाइक से दिल्ली तक गए थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इस बार वे फिर बाइक से अभनपुर पहुंचे हैं और उनसे मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
वहीं, राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा ने भी तंज कसा है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस नेताओं को "आलू से सोना निकालने" की ट्रेनिंग देने आए हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

Comments